बिरनो थाना क्षेत्र के पारा गांव स्थित पेट्रोल पंप के पास बुधवार की शाम जेसीबी की चपेट में आने से नलकूप विभाग में विभाग में तैनात लिपिक की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक जेसीबी लेकर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इधर हादसे की जानकारी होते ही सन्नाटा फैल गया।
शहर कोतवाली क्षेत्र के गौसपुर बुजुर्गा गांव निवासी दिनेश यादव (48) किसी काम से दुल्लहपुर गए थे। पारा गांव के पास अभी पहुंचे ही थे कि खेत से सड़क पर अचानक पहुंचे जेसीबी की चपेट में आ गए। हादसे में उनकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई। चालक जेसीबी लेकर फरार हो गया।ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे हंसराजपुर चौकी प्रभारी मनोज कुमार तिवारी ने दुर्घटना की जानकारी बिरनो थानाध्यक्ष को दी। घटना स्थल कई थानों से सटा होने के कारण मौके पर थानाध्यक्ष शादियाबाद, थानाध्यक्ष दुल्लहपुर एवं थानाध्यक्ष बिरनो घंटों छानबीन में जुटे रहे। इसके बाद बिरनो थानाध्यक्ष ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बिरनो थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि चालक जेसीबी लेकर फरार हो गया है। उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।