सैदपुर कोतवाली क्षेत्र में वाराणसी-छपरा रेलखंड के हाईवे अंडरपास से करीब 200 मीटर दूर पूरब दिशा में शनिवार की देर शाम एक निजी विद्यालय के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी का शव मिलने से सनसनी फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मृतक के मुंह से झाग निकल रहा था। वह सुबह विद्यालय ड्यूटी के लिए निकला था लेकिन देर शाम तक घर नहीं पहुंचा। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार कर रही है।
नगर के वार्ड संख्या चार अब्दुल हमीद निवासी धर्म प्रताप विक्रम (35) निजी विद्यालय में चतुर्थ श्रेणी का कर्मचारी था। वह शनिवार सुबह विद्यालय के लिए घर से निकला लेकिन देर शाम तक घर वापस नहीं लाैटा। परिवार के लोग कर्मचारी की तलाश में इधर-उधर भटक रहे थे। वहीं रात में गश्त पर भ्रमण कर रही पुलिस टीम की नजर हाईवे अंडरपास से 200 मीटर पूरब एक युवक के शव पर पड़ी। घंटों छानबीन के बाद पुलिस शव को कब्जे में लेकर कोतवाली पहुंची। वहां पहुंची मृतक की पत्नी साधना ने शव की शिनाख्त की। परिजनों के रोने-बिलखने से मृतक के दरवाजे पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। गांव के लोग परिवार के सदस्यों को सांत्वना देने में जुटे रहे। सैदपुर कोतवाल योगेंद्र सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।