सुहवल से भीखीचौरा को जाने वाली सड़क पर बने गड्ढों में जमा बारिश का पानी। संवाद
सुहवल। मानसून की पहली तेज बारिश ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के गड्ढा मुक्त सड़कों के दावों की हकीकत सामने ला दी।
तीन प्रमुख संपर्क मार्गों पर बने गहरे गड्ढों में जलभराव हो गया। इससे सड़क पर जलभराव और कीचड़ की स्थिति बन गई है तथा 40 से अधिक गांवों के लोगों का आवागमन जोखिम भरा हो गया है।
ग्रामीण गोलू, रामऔतार, रामाधार, मुरारी, अनीश, शंकर और अरुण ने बताया कि ढढनी-ताजपुर (करीब 14 किमी), सुहवल-भिख्खीचौरा (तीन किमी) और उधरनपुर-डेढ़गावां (छह किमी) मार्ग पिछले करीब दो वर्षों से बदहाल हैं।
लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता शिशुपाल ने बताया कि इन सड़कों के पुनर्निर्माण और गड्ढा मुक्त कराने का प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है। शासन से स्वीकृति और धनराशि मिलते ही मरम्मत कार्य शुरू करा दिया जाएगा।