पुलिस लाइन स्थित परेड ग्राउंड में समर कैंप में बच्चों को दीपक पर पेंटिंग करते देखतीं वामा सारथ
गाजीपुर। पुलिस लाइन स्थित परेड ग्राउंड में शुक्रवार को देर शाम वामा सारथी, उत्तर प्रदेश पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से पुलिस परिवार के बच्चों के लिए समर कैंप एवं बुक फेयर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी कला और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा की पत्नी एवं वामा सारथी की पदेन अध्यक्ष कल्याणी के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में बच्चों के लिए साइंस एक्सपेरिमेंट, आर्ट एंड क्राफ्ट, क्ले मॉडलिंग, मिट्टी के बर्तन बनाना और उन पर पेंटिंग जैसी गतिविधियां कराई गईं। इसके साथ ही बच्चों को जूडो-कराटे और सेल्फ डिफेंस का प्रशिक्षण भी दिया गया। समर कैंप में पुलिस परिवार के बच्चे और बच्चियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। अंत में पदेन अध्यक्ष कल्याणी ने प्रतिभागी बच्चों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर की पत्नी, मुख्य अग्निशमन अधिकारी की पत्नी, प्रतिसार निरीक्षक सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।