परिषदीय विद्यालयों के बच्चे भले ही अभी तक ब्लैकबोर्ड पर पढ़ाई करते हों लेकिन अब वह हाईटेक तरीके से स्मार्ट टीवी के जरिए पढ़ाई कर सकेंगे। इससे जहां छात्रों को ज्यादा रोचक ढंग से शिक्षा प्रदान की जा सकेगी, वहीं उनकी उपस्थिति एवं ठहराव को सुनिश्चित करने में यह प्रयास काफी सहायक साबित होगा। बुधवार को कुंडेसर स्थित कंपोजिट विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में बलिया के सांसद विरेंद्र सिंह मस्त 201 स्मार्ट टीवी वितरण का शुभारंभ करेंगे।
जिले में 2269 परिषदीय विद्यालय संचालित हैं। इनमें 1468 प्राथमिक, 352 उच्च प्राथमिक तथा 449 कंपोजिट विद्यालय हैं। पहले चरण में उन स्कूलों में टीवी का संचालन होगा, जहां रोजाना छात्र संख्या 80 से 100 फीसदी तक रहती है। इसके अलावा स्कूल का शैक्षणिक माहौल बेहतर हो। यही नहीं विभाग की तरफ से कराई गई लर्निंग आउटकम की परीक्षा में स्कूल का प्रदर्शन कैसा रहा, इसे भी आधार बनाया जाएगा। पहले चरण में एक स्कूल में एक टीवी लगेगा। जबकि दूसरे चरण में एक स्कूल के अंदर हर कक्षा में टीवी का संचालन होगा। स्कूलों में स्मार्ट टीवी के साथ ही शिक्षकों को पेन ड्राइव, डाटा केबल, एडाप्टर सहित अन्य जरूरी उपकरण भी दिए जाएंगे, ताकि जब वह बच्चों को ऑनलाइन पढ़ाना चाहें तो अच्छे ढंग से पढ़ा सकें। इन स्कूलों में बिजली की आपूर्ति ठीक से हो, इसका ध्यान भी रखा जाएगा। जिन विद्यालयों में विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था नहीं है वहां वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी हेमंत राव ने बताया कि जनसहयोग से मिले इन स्मार्ट टीवी के वितरण की शुरुआत बुधवार को की जाएगी।
नगर क्षेत्र को मिलेंगे पांच स्मार्ट टीवी
गाजीपुर। जिले के बिरनो विकासखंड को 10, मनिहारी-देवकली 41, करंडा 15, मुहम्मदाबाद 15, सादात 11, बाराचवर 15, कासिमाबाद 25, जखनिया 11, सदर 11, रेवतीपुर 11, जमानिया 11, भदौरा 20, सैदपुर 11, मरदह 11, भांवरकोल 11 तथा नगर क्षेत्र को पांच स्मार्ट टीवी का वितरण किया जाएगा।