सदर कोतवाली क्षेत्र के रजदेपुर मुहल्ला में शनिवार की रात नहाते समय एक बच्चा कुएं में गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। काफी प्रयास के बाद वाराणसी से आई एनडीआरएफ की टीम ने भोर में बालक के शव को कुएं से बाहर निकाला। पुलिस ने शव को परिवार वालों को सौंप दिया।
रजदेपुर निवासी यासीन का पुत्र नसीम (8) बीती रात करीब आठ बजे पुलिस चौकी के पास स्थित कुएं पर नहाने के लिए गया था। अचानक पैर फिसलने से वह कुएं में गिर गया। बच्चे के कुएं में गिरते ही वहां मौजूद लोग शोर मचाने लगे। आवाज सुनकर आसपास सहित घर के लोग भी मौके पर पहुंच गए। लोगों ने बच्चे को निकालने की काफी कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इस पर लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। जानकारी होते ही सदर कोतवाल प्रशांत कुमार श्रीवास्तव सहित फायर कर्मी गाड़ी के साथ मौके पर पहुंचकर बालक को निकालने में जुट गए। कुएं में पानी अधिक होने की वजह से कोई उसमें उतरने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा था। काफी प्रयास के बाद भी सफलता नहीं मिलने पर लोगों ने पुलिस के प्रति नाराजगी व्यक्त करते हुए इसकी जानकारी जिलाधिकारी को दी। डीएम ने तत्काल जिले में प्रशिक्षण दे रहे एनडीआरएफ कर्मियों को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंचे टीम के गोताखोरों ने काफी मशक्कत के बाद भोर में साढ़े चार बजे बालक के शव को कुएं से बाहर निकाला। नसीम का शव देखते ही परिवार के लोग विलाप करने लगे। मौके पर मौजूद लोग उन्हें सांत्वना देने में जुटे रहे। पुलिस ने पंचनामा के बाद शव को परिवार वालों को सौंप दिया।