थाना क्षेत्र के सुखडेहरा गांव में सोमवार की दोपहर खेलते समय कुएं में गिरने से एक मासूम बच्ची की मौत हो गई। घटना की जानकारी होते ही परिवारीजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने पुलिस को बिना सूचना दिए ही मासूम का दाहसंस्कार कर दिया।
नोनहरा थाना क्षेत्र के महुवी गांव निवासी अजेस गुप्ता की पुत्री मीरकली (4) अपनी मां के साथ छठ की पूजा के लिए अपने ननिहाल सुखडेहरा गांव आई थी। उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के बाद वह अपनी मां के साथ घर आ गई। दोपहर बाद घर के बाहर गांव के बच्चों के साथ खेल रही थी। इसी दौरान गांव में स्थित कुएं में गिर गई। बच्ची के गिरते ही लोगों ने हल्ला मचाना शुरू कर दिया। आवाज सुनकर कुएं के पास पहुंचे ग्रामीणों ने बच्ची को कुएं से निकाला। तब तक बहुत देर हो चुकी थी और मासूम बच्ची की मौत हो चुकी थी।