स्थानीय गांव में संत मानदास बाबा की तपोस्थली में आयोजित धनुष यज्ञ मेला के मौके पर बुधवार को अंतर प्रांतीय चेतक प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें मच्छटी के मकसूद के चेतक आकाश ने सबसे आगे रहते हुए शील्ड पर कब्जा जमाया। जबकि दिलदारनगर के वंश नारायण यादव के चेतक सूरज ने दूसरा एवं हकीमपुर बिहार के विनोद सिंह के चेतक बादल को तीसरे स्थान से संतोष करना पड़ा।
प्रतियोगिता में कुल दो दर्जन चेतकों ने प्रतिभाग किया। आयोजित प्रारंभिक चेतक प्रतियोगिता तीन राउंड की रही। हर वर्ग में 6-6 चेतकों ने भाग लिया। फाइनल चक्र के लिए तीनों चक्र से प्रथम एवं द्वितीय स्थान पर आए दो-दो चेतकों का चयन किया गया। इसके बाद मुख्य अतिथि डा. मुकेश सिंह ने विजेता प्रतिभागियों को शील्ड देकर पुरस्कृत किया। इसके पूर्व मुख्य अतिथि ने संत मानदास बाबा के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्जवलित कर हरी झंडी दिखाकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन से समाज में समरसता को बढ़ावा मिलता है। प्रतियोगिता के दो ही परिणाम होते है हार एवं जीत। हार से निराश होने की जरूरत नहीं होती है। जीतने वाले को अपनी जीत पर अति उत्साहित होने से बचना जबकि पराजित होने वाले को कहां कमी रह गई उसे खोजना होगा। सफलता एक दिन जरूर मिलेगी। इस मौके जीवेंद्र नारायण शुक्ला, प्रभारी निरीक्षक पवन उपाध्याय, चंदन सिंह, मोती यादव, गौतम सिंह यादव, रविशंकर राय, झारंखडे पांडेय, मनीष राय, भगवती तिवारी, अमित पांडेय आदि मौजूद थे। निर्णायक की भूमिका रब्बानी, विजय पाल, तारिक अहमद, भगवती प्रसाद तिवारी तथा उद्घोषक की भूमिका मृत्युंजय मिश्रा एवं सुरेंद्रनाथ राय ने निभाई।