कोतवाली क्षेत्र के वार्ड नबंर-21 सुभान टोला मुहल्ला में रविवार की सुबह अज्ञात कारणों से रिहायशी झोपड़ी में आग लग गई। काफी प्रयास के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बाजारों का सामान जलकर नष्ट हो गया। आग बुझाते समय पड़ोसी बुद्धन झुलस गया।
सुभान टोला मुहल्ला निवासी अली एनामुद्दीन शाह की पत्नी बेबी खातून सुबह 9 बजे खाना बनाने के बाद घर के पास ही बैठकर कपड़ा साफ कर रही थी। इस दौरान अचानक झोपड़ी में आग लग गई। झोपड़ी से उठती आग की लपटों को देख वह शोर मचाने लगी। उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंच गए।
आनन-फानन में झोपड़ी में मौजूद बच्चे एकराम, सानिया और कामराम को बाहर निकाला। इसके बाद फायर बिग्रेड को सूचना देते हुए शोर-शराबा के बीच ग्रामीण आग बुझाने में जुट गए। ग्रामीणों द्वारा आग बुझाने के बाद बाद फायर की गाड़ी मौके पर पहुंची और राख से उठ रहे धुएं को पानी डालकर पूरी तरह से शांत किया।
आग की इस घटना में झोपड़ी में रखा, बिस्तर, चारपाई, कपड़ा, अनाज सहित गृहस्थी का अन्य सामान जलकर नष्ट हो गया। इस घटना के बाद पीड़ित के पास न तो सिर छिपाने के लिए छत ही बची और न ही तन ढंकने के लिए कपड़ा। आग से झुलसे बुद्धन को उपचार के लिए निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।