गाजीपुर। जिले के सभी सहायक विकास अधिकारी पंचायतों की बैठक मंगलवार को विकास भवन सभागार में हुई। पंचायत कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य ने सादात, कासिमाबाद, भदौरा व बिरनो के एडीओ पंचायत का वेतन रोकने का निर्देश दिया।
मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य ने निर्देश दिया कि स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत व्यक्तिगत शौचालय निर्माण, आवेदन किए गए व्यक्तिगत शौचालय, शौचालय के लाभार्थियों के पात्रता का सत्यापन, रिट्रोफिटिंग, ओडीएफ प्लस वेरीफिकेशन, एवं ग्राम पंचायत रसूलपुर टी शेखपुर विकास खंड सदर में निर्मित प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन केंद्र पर विकास खंड देवकली, करंडा के सभी ग्राम पंचायतों में एकत्रित प्लास्टिक पहुंचाया जाए, जिससे प्लास्टिक का निस्तारण किया जा सके।
पंचायत पंचम राज्य वित्त एवं 15वां वित्त आयोग के तहत आवंटित क्रेडिट लिमिट के सापेक्ष खर्चा एवं कार्यों की समीक्षा और आरजेएसए अंत्येष्टि स्थल और सीएससी आदि की समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान निर्देश दिया कि सभी कार्यों को समय से पूर्ण करें। एडीओ पंचायतों को निर्देशित किया कि बैठक के एजेंडा अनुसार अपने-अपने विकासखंड की शत-प्रतिशत प्रगति करना सुनिश्चित करें। सामुदायिक शौचालय क्रियाशील कराए। पंचायत सचिवालय प्रतिदिन खुले।