जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के हेतिमपुर गांव स्थित बबनपुर मुहल्ले में मूर्ति रखने को लेकर हुए विवाद में पुलिस ने शनिवार की शाम दूसरे पक्ष की तहरीर पर 17 दिन बाद रिपोर्ट दर्ज की। इसमें 15 लोगों को नामजद कर 50 अज्ञात को आरोपित किया गया है।
चांदपुर मुहल्ला निवासी वीरेंद्र कुमार सिंह ने पुलिस को बताया कि बीते 13 अक्तूबर को उपजिलाधिकारी के आदेश पर कोतवाली क्षेत्र से हटाई गई, प्रतिमा को वो कानूनगों की देख-रेख में दूसरे स्थान पर लगवाने के लिए ले जा रहे थे। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद हल्का लेखपाल एवं अन्य 50 से अधिक लोग लाठी, डंडा, राड, धारदार हथियार लेकर तैयार खड़े थे और मारने पीटने लगे। जहां से किसी तरह से जान बचा कर भागना पड़ा। कोतवाल संपूर्णानंद राय ने बताया कि मुकदमा दर्जकर छानबीन की जा रही है। संवाद