मरदह। थाना क्षेत्र के सिंगेरा गांव के सामने पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार की सुबह दिल्ली से गुवाहाटी जा रहा एक मालवाहक ट्रक आगे चल रहे वाहन से टकरा गया। हादसे में ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल। जबकि खलासी मामूली चोट आई। थानाध्यक्ष तारावती यादव ने बताया कि अलीगढ़ जनपद के बल्ला गांव निवासी चालक राजन पाल एक निजी शोरूम का घरेलू उपयोगी सामान लेकर दिल्ली से गुवाहाटी जा रहे थे। सिंगेरा गांव के सामने पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर आगे चल रहे एक अज्ञात वाहन ने अचानक इमरजेंसी ब्रेक लगाने से चालक राजन पाल ट्रक पर नियंत्रण खो बैठा और वाहन से जा टकराया।
ट्रक का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है। घटना की सूचना मिलते ही पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की सुरक्षा टीम (यूपीडा) और एंबुलेंस तत्काल मौके पर पहुंची। टीम ने कड़ी मशक्कत के एक घंटे बाद चालक राजन पाल को ट्रक के केबिन से बाहर निकाल उपचार के लिए सीएचसी कासिमाबाद भेजा, जहां इलाज चल रहा है। खलासी राहुल कुमार को हल्की चोट आई। हादसे के कारण एक्सप्रेस-वे पर एक घंटे के लिए यातायात प्रभावित रहा। सुरक्षा टीम ने क्षतिग्रस्त ट्रक को सड़क के किनारे हटवाकर यातायात को सामान्य रूप से बहाल कराया।