गाजीपुर। बीते 15 दिनों में इलायची के दामों में उछाल देखने को मिला है। इलायची एक हजार रुपये प्रति किलो तक महंगी हुई है। इसके कारण खरीदारों को खरीदारी करने में पसीना छूट रहा है। इलायची व्यवसायियों का कहना है कि आवक में कमी व मांग अधिक होने के कारण इलायची के दामाें में इजाफा हुआ है।
घरेलू तौर पर इलायची का इस्तेमाल भोजन के स्वाद को बढ़ाने के लिए किया जाता है। इसका ज्यादातर इस्तेमाल मसालों व चाय बनाने में किया जाता है। जनपद में इलायची दक्षिण भारत के राज्यों से आता है। व्यवसायी प्रमोद कुमार व राजू चौरसिया ने बताया कि बाजार में दो प्रकार के इलायची उपलब्ध हैं। इनमें लाल व सफेद इलायची है। 15 दिन पहले लाल इलायची की कीमत दो हजार रुपये प्रति किलो थी। अब इसकी कीमत तीन हजार रुपये प्रति किलो हो गई है। इसी तरह लाल इलायची 15 दिनों पहले तीन हजार रुपये प्रति किलो बिक रही थी। अब इसकी बिक्री चार हजार रुपये प्रति किलो हो रही है। दाम बढ़ने का असर खरीदारी की मात्रा में देखने को मिल रहा है। लोग खरीद की मात्रा में कटौती कर रहे हैं।