जिला पंचायत के अध्यक्ष पद के लिए नामांकन पत्रों की बिक्री का कार्य चल रहा है। बुधवार को दिन में दो बजे तक 12 नामांकन पत्रों की बिक्री की जा चुकी थी। आयोग ने उम्मीदवारों के खर्च के लिए चार लाख रुपये अधिकतम व्यय की सीमा निर्धारित की है। उम्मीदवारों को चुनाव खर्च का लेखा-जोखा प्रस्तुत करना होगा।
जिला पंचायत के अध्यक्ष पद के लिए चुनाव कराया जा रहा है। निर्वाचन आयोग की ओर से घोषित कार्यक्रम के अनुसार 26 जून को दिन में 11 से तीन बजे तक नामांकन का कार्य होगा। उसके बाद नामांकन पत्रों की जांच होगी। 29 जून को दिन में 11 से तीन बजे तक उम्मीदवारी वापस ली जा सकेगी। मतदान तीन जुलाई को दिन में 11 से तीन बजे तक एवं उसके बाद मतों की गणना होगी। जिला पंचायत के अध्यक्ष का पद इस बार आधी आबादी के लिए सुरक्षित है। ऐसी स्थिति में निर्वाचित जिला पंचायत सदस्य में से किसी भी वर्ग की स्त्री की तरफ से नामांकन किया जाएगा। इनके लिए नामांकन फार्म का मूल्य 750 एवं जमानत की धनराशि आयोग की ओर से पांच हजार निर्धारित की गई है। कोई भी प्रत्याशी अधिकतम चार नामांकन पत्र दाखिल कर सकता है। उससे जमानत धनराशि केवल एक ही ली जाएगी। नामांकन से लेकर मतगणना तक की सभी प्रक्रिया कलेक्ट्रेट स्थित जिला मजिस्ट्रेट के न्यायालय कक्ष में संपन्न होगी। विभिन्न उम्मीदवारों की तरफ से नामांकन पत्रों की खरीद किए जाने के बाद चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है।