नगर में शुक्रवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इसके कारण अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मचा रहा। नगर पालिका की टीम ने पुलिस की मौजूदगी में अभियान चलाया। टीम को देखते हुए ज्यादातर अतिक्रमणकारियों ने पहले ही अपना अतिक्रमण हटा लिया। वहीं लावारिस पड़े आठ सामानों को नगर पालिका ने हटाया।
नगर में कोतवाली गेट से नगर पालिका का अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू हुआ। विशेश्वरगंज, ओवरब्रिज के नीचे टैक्सी स्टैंड, रोडवेज, मालगोदाम रोड, स्टेशन रोड होते हुए फुल्लनपुर रेलवे क्रासिंग तक अभियान चला। अतिक्रमण हटाने के लिए नगर पालिका की टीम अपने साथ ट्रैक्टर भी लाई थी। अतिक्रमण हटाने की सूचना मिलते ही सड़क व फुटपाथ पर सामान रखकर बिक्री करने वालों ने जल्दी-जल्दी अपना सामान समेटना शुरू कर दिया। जिन लोगों ने अतिक्रमण नहीं हटाया, उनके सामानों को नगर पालिका टीम ने जब्त कर लिया। अतिक्रमण हटने के कारण कोतवाली गेट से, विशेश्वरगंज, स्टेशन रोड होते हुए फुल्लनपुर रेलवे क्रासिंग तक की सड़क चौड़ी दिखनी लगी। नगर के लोग काफी दिनों से अतिक्रमण हटाने की मांग कर रहे थे।
वहीं नगर की सड़कों पर अतिक्रमण के कारण आये दिन जाम की समस्या से लोग परेशान थे। नगर पालिका ईओ अमिता वरुण ने बताया कि कोतवाली गेट से लेकर फुल्लनपुर रेलवे क्राॅसिंग तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया।