युवराजपुर वॉलीबॉल प्रीमियर लीग में स्मैश मारता बक्सर का खिलाड़ी। स्रोत- आयोजक
सुहवल। क्षेत्र के युवराजपुर गांव के एक इंटर कॉलेज में बुधवार को युवराजपुर वॉलीबॉल प्रीमियर लीग टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। इसके खिताबी मुकाबले में बक्सर की टीम ने पटना को लगातार दो सेटों में हराकर प्रतियोगिता की ट्रॉफी अपने नाम किया। खिलाड़ियों के सर्विस, ऐस, अपर कट, ब्लॉक, बॉली, डिफेंस को देख बड़ी संख्या में मौजूद खेलप्रेमियों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
आयोजक मंडल के सदस्य चंदन सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता का पहला सेमीफाइनल मैनपुर और बक्सर की टीमों के बीच खेला गया। बक्सर की टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए पहली पारी में 15-12 और दूसरी पारी में 15-10 से जीत दर्जकर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरा सेमीफाइनल युवराजपुर और पटना की टीम के बीच खेला गया। इसमें पटना ने पहली पारी को 15-13 और दूसरी पारी को 15-12 से जीत लिया।
प्रतियोगिता के खिताबी मुकाबला पटना और बक्सर के बीच खेला गया। फाइनल में दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने जीत के लिए जोरदार प्रयास किया। हालांकि, बक्सर की टीम ने बेहतर तालमेल और दमदार प्रदर्शन के दम पर पहली पारी में 15-12 और दूसरी पारी में 15-13 से जीत दर्ज कर विजेता ट्रॉफी पर अपना कब्जा जमाया। इस मौके पर चंदन सिंह, अंकित सिंह, रुद्र सिंह, लालू यादव, निखिल सिंह और सुंदरम मुख्य आयोजक के रूप में शामिल रहे। इसके पूर्व मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने फीता काटकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।