गाजीपुर। औड़िहार तिराहे के पास रविवार को डिवाइडर से टकरा कर बाइक सवार भाई की मौत हो गई, जबकि बहन और जीजा घायल हो गए। एक अन्य हादसे में दो लोग घायल हो गए।
औड़िहार : वाराणसी के सरकारी पुरा मड़ुवाडीह निवासी विकास मौर्या (20) मिर्जापुर जनपद के डुहवां अदलहट निवासी बहन ज्योति मौर्या व जीजा भुआल मौर्या को बाइक से लेकर सारनाथ आए थे। इसके बाद तीनों बाइक से गाजीपुर किसी से मिलने आ रहे थे। औड़िहार तिराहे के पास तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने तीनों को सीएचसी सैदपुर पहुंचाया। डॉक्टरों ने विकास मौर्या को मृत घोषित कर दिया। जबकि ज्योति और भुआल की हालत गंभीर होने पर वाराणसी के ट्राॅमा सेंटर रेफर कर दिया। सैदपुर कोतवाल विजय प्रताप सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मरदह: थाना क्षेत्र के हैदरगंज गांव के सामने गोरखपुर जा रही कार को सामने से गलत लेन से आ रही बोलेरो ने टक्कर मार दी। हादसे में कार चालक गोरखपुर निवासी सतीश मिश्रा और बोलेरो चालक कोड़री निवासी राजेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को सीएचसी लाया गया। स्थिति गंभीर होने पर डॉक्टरों ने दोनों को मेडिकल काॅलेज अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने दोनों वाहनों को सड़क से हटवाकर आवागमन सुचारु कराया।