कासिमाबाद कोतवाली क्षेत्र के सिधउत गांव के पास बुधवार की दोपहर कासिमाबाद- मऊ मार्ग पर बाइक और कार की आमने-सामने टक्कर में बाइक सवार जीजा-साला गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलावस्था में दोनों युवकों को उपचार के लिए सीएचसी लाया गया। जहां से डॉक्टरों ने दोनों को मऊ जिला अस्पताल रेफर कर दिया। चालक कार लेकर फरार हो गया।
नोनहरा थाना क्षेत्र के मुस्सलहपुर गांव निवासी पिंटू बिंद बुधवार की सुबह बरेसर थाना क्षेत्र के गोरा गांव निवासी अपने साले राजू बिंद के साथ बाइक से मऊ स्थित किसी अस्पताल से दवा लेने गए थे। दवा लेकर वापस लौटते समय कासिमाबाद- मऊ मार्ग पर सिधउत गांव के सामने कासिमाबाद की तरफ से तेज रफ्तार में आ रही कार और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर में बाइक सवार पिंटू बिंद और राजू बिंद गंभीर रूप से घायल हो गए। आस- पास के ग्रामीण ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया। जहां चिकित्सकों ने प्रारंभिक इलाज के बाद मऊ जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना में पिंटू बिंद की हालत काफी गंभीर है। दूसरी तरफ घटनास्थल से चालक कार लेकर फरार हो गया। इस संबंध में प्रभारी कोतवाल श्रीराम यादव ने बताया कि तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई होगी।