बहरियाबाद (गाजीपुर)। क्षेत्र के रायपुर बाजार स्थित फातिमपुर निवासी जयप्रकाश यादव के मकान में संचालित एक प्राइवेट फाइनेंस कंपनी के कार्यालय में बृहस्पतिवार को एक कर्मचारी इंद्रजीत यादव का शव पंखे से लटका मिला। मृतक के दोनों पैर मुड़कर टेबल पर टिके हुए थे। दूसरे तल पर सो रहे प्रबंधक जब सुबह नित्य क्रिया के लिए निचले तल पर स्थित कार्यालय में पहुंचे तो हैरान रह गए। उन्होंने आसपास के लोगों को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थानाध्यक्ष वासुदेव प्रसाद ने बताया कि राजापुर गांव निवासी इंद्रजीत यादव (30) रायपुर बाजार स्थित सैदपुर-चिरैयाकोट मार्ग पर संचालित फाइनेंस कंपनी में कर्मचारी थे। बुधवार की शाम वह प्रबंधक धर्मेंद्र यादव के साथ राजापुर गांव में पट्टीदारी में आयोजित एक मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होकर रात करीब नौ बजे लौटे थे। इसके बाद दोनों कार्यालय के ऊपरी तल पर सो गए।
सैदपुर थाना क्षेत्र के बड़िहारी गांव निवासी प्रबंधक धर्मेंद्र यादव बृहस्पतिवार सुबह करीब आठ बजे कार्यालय में आए तो देखा कि इंद्रजीत यादव का शव पंखे से रस्सी के सहारे लटका हुआ है। उनके दोनों पैर मुड़कर टेबल पर टिके थे। यह देखकर उन्होंने तत्काल आसपास के लोगों को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर भीड़ जुट गई। थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पंखे से लटककर आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। मृतक के चाचा राधेश्याम यादव की तहरीर पर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच जारी है।
प्रेम प्रसंग की चर्चा, पुष्टि नहीं
मृतक के पिता का निधन बचपन में ही हो गया था, जिसके बाद उनका पालन-पोषण बड़े पिता ने किया था। घटना की सूचना मिलने पर बड़े पिता कांता यादव, बड़ी मां सावित्री देवी तथा माता सुनरी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, ग्रामीणों में चर्चा है कि मृतक का किसी युवती से प्रेम प्रसंग था और युवती की शादी तय होने के बाद से वह मानसिक रूप से परेशान रहता था। हालांकि, इस संबंध में किसी प्रकार की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
रायपुर गांव में मृतक इंद्रजीत यादव की मौत के बाद रोते बिलखते बड़े पिता कांता यादव। संवाद- फोटो : 1
रायपुर गांव में मृतक इंद्रजीत यादव की मौत के बाद रोते बिलखते बड़े पिता कांता यादव। संवाद- फोटो : 1
रायपुर गांव में मृतक इंद्रजीत यादव की मौत के बाद रोते बिलखते बड़े पिता कांता यादव। संवाद- फोटो : 1