जमानिया। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत त्रिस्तरीय पंचायतों के निर्वाचक नामावली के वृहद पुनरीक्षण के अंतर्गत विकासखंड जमानिया के सभागार कक्ष में तीन पालियों में सभी सुपरवाइजर तथा बीएलओ को प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षक तहसीलदार आलोक कुमार ने पुनरीक्षण कार्यक्रम के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि 27 दिसंबर को ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन होने के बाद 28 दिसंबर से तीन जनवरी 2021 तक बीएलओ द्वारा दावे एवं आपत्तियां प्राप्त किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि पहली जनवरी को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले सभी निर्वाचकों के भी दावे स्वीकार किए जाएंगे। नाम सम्मिलित किए जाने के लिए दावा आवेदन पत्र प्रपत्र 2 ( प्रारूप 17) पर किसी प्रविष्टि के विवरण में संशोधन के लिए आवेदन प्रपत्र 3 (प्रारूप 18) पर तथा सम्मिलित नाम पर आपत्ति है तो प्रपत्र 4 (प्रारूप 19) भरवाया जाएगा। दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण चार जनवरी से 11 जनवरी तक किया जाएगा। दावे और आपत्तियों के निस्तारण के बाद पूरक सूचियों की पांडुलिपियों की तैयारी तथा उन्हें मूल सूची में यथास्थान समाहित करने की कार्रवाई 12 से 21 जनवरी तक होगी। 22 जनवरी को निर्वाचक नामावलियों का जन सामान्य के लिए अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी हरिनारायण एडीओ पंचायत अरुण दूबे लेखपाल राहुल कुमार आदि उपस्थित थे।