मुहम्मदाबाद। भाजपा नेता एवं सभासद प्रतिनिधि को मारपीट कर हवालात में बंद करने की जानकारी होते ही रविवार को स्थानीय भाजपा नेता कोतवाली में धमक पड़े। शाहनिंदा चौकी प्रभारी को निलंबित कर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग करते हुए धरना देना शुरू कर दिया। बाद में कासिमाबाद सीओ द्वारा आश्वासन के बाद कार्यकर्ताओं का आक्रोश शांत हुआ।
नगर में एक भूमि विवाद में नगरपालिका वार्ड संख्या-10 मंगल बाजार के सभासद प्रतिनिधि अमित उर्फ डब्बू चौरसिया को शाहनिंदा चौकी प्रभारी ने कोतवाली में बुलाकर मारपीट कर हवालात में डाल दिया। इसकी जानकारी होते ही भाजपा नेता कोतवाली पहुंचे और सभासद प्रतिनिधि को मारपीट कर बंद करने वाले चौकी प्रभारी के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कर निलंबित करने की मांग करते हुए धरने पर बैठ गए। कोतवाल के अवकाश पर होने के कारण क्षेत्राधिकारी कासिमाबाद महिपाल पाठक ने भाजपा नेताओं से वार्ता किया और कहा कि मेरे अधिकार क्षेत्र में नहीं है। चौकी प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई के लिए एसपी को वस्तु स्थिति से अवगत कराया जाएगा। सीओ ने भुक्तभोगी सभासद प्रतिनिधि को पुलिस की देखरेख में हास्पिटल भेज कर मेडिकल करवाया और चौकी प्रभारी के विरुद्ध पीड़ित सभासद प्रतिनिधि से तहरीर ली। भाजपा नगर अध्यक्ष ओपी गिरी ने उन्हें पत्रक देकर चेतावनी दिया कि अगर 15 दिसंबर तक चौकी प्रभारी को निलंबित कर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं किया गया तो 16 को भाजपा कार्यकर्ता कोतवाली का घेराव कर धरना देंगे। इसके बाद देर शाम को धरना समाप्त हुआ। इस मौके पर भाजपा नेता विरेंद्र राय, दिनेश वर्मा, ओमप्रकाश उपाध्याय, कृपाशंकर राय, तेजबहादुर यादव, गणेश गुप्ता, जयप्रकाश, सुरेश यादव, अरुण बिंद, ओमप्रकाश गिरी मौजूद थे।