बाइक चोरी के चार महीने 26 दिन बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। कोतवाली क्षेत्र के बलुआ घाट पर बीते 19 अगस्त 2024 को गंगा नदी किनारे से बाइक चोरी हो गई थी। पीड़ित अपने मुकदमे के बारे में जानकारी करने के लिए रविवार को कोतवाली पहुंचा तो पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर उसे एफआईआर की काॅपी उपलब्ध कराई।
बिहार के नुआंव थाने के गोड़सरा गांव निवासी मुकेश पाल के अनुसार वह 19 अगस्त 2024 की रात करीब दो बजे सावन माह में नगर के बलुआ घाट पर जल लेने के लिए गए थे। गंगा नदी से जल लेने के दौरान उन्होंने अपनी बाइक नदी के किनारे खड़ी कर दी। गंगा से जल लेकर जब वह वापस लौटे तो बाइक मौके से गायब थी। काफी खोजबीन की लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने उसी दिन कोतवाली में घटना की तहरीर दी। 13 जनवरी को जब मुकेश अपनी बाइक चोरी के बारे में जानकारी लेने कोतवाली पहुंचे तो उनसे तहरीर लिखवाकर एफआईआर की कॉपी दी गई। कोतवाली प्रभारी अशेष नाथ सिंह ने बताया कि तहरीर प्राप्त होते ही मुकदमा दर्ज किया गया। चार महीने की देरी के सवाल पर उन्होंने कहा कि तहरीर मिलने के बाद तुरंत कार्रवाई की गई है।