गाजीपुर। सुहवल थाना क्षेत्र के नगसर मार्ग स्थित एक पेट्रोल पंप के पास मंगलवार की रात बाइक सवार तीन नकाबपोश लुटेरे लूट में असफल होने पर युवक पर फायरिंग कर दी। गोली युवक के पैर में लगी है। वारदात को अंजाम देकर लुटेरे बाइक छोड़ पैदल ही हवाई फायरिंग करते हुए भाग गए। घायल का वाराणसी ट्राॅमा सेंटर रेफर कर दिया। घायल के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्जकर लुटेरों को पुलिस चिह्नित करने में जुटी है। बड़ौरा गांव निवासी श्रीकेश सिंह कुशवाहा (32) मित्र के साथ बाइक से तिलक समारोह में गए थे। वहां से दोनों लौट रहे थे। पेट्रोल पंप के पास एक बाइक पर सवार तीन नकाबपोश लुटेरों ने ओवरटेक कर उन्हें रोक लिया। लुटेरे श्रीकेश से बैग छीनने लगे। इस पर वे शोर मचाने लगे। लूट में असफल होते देख लुटेरों ने जान से मारने की नीयत से लक्ष्य कर गोली चलाई, जो श्रीकेश के दाहिने पैर में जा लगी और वे वहीं गिर पड़े। आवाज सुनकर ग्रामीण घटना स्थल की तरफ दौड़े। लुटेरे पकड़े जाने के डर से बाइक छोड़ हवाई फायरिंग करते हुए पैदल ही फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने युवक को मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। वहां हालात गंंभीर होने पर डॉक्टरों ने वाराणसी रेफर कर दिया। घायल के पिता गंगा प्रसाद ने तीन अज्ञात लुटेरों के खिलाफ थाने में तहरीर दी। पुलिस मुकदमा दर्जकर लुटेरों को चिह्नित करने में जुट गई है। सुहवल थानाध्यक्ष राजू दिवाकर ने बताया कि गोली से घायल का इलाज वाराणसी में चल रहा है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
बाइक का ब्योरा और सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस : गाजीपुर। लुटेरों की बरामद बाइक का ब्योरा खंगालने के साथ लुटेरों तक पहुंचने के लिए एसओजी और पुलिस टीम जुटी है। पेट्रोल पंप और आसपास मकानों में लगे सीसीकैमरे की फुटेज को खंगालकर लुटेरों को चिह्नित करने का प्रयास किया जा रहा है। इधर, घटना से ग्रामीणों में दहशत बनी हुई है।