नंदगंज थाना क्षेत्र के मुड़वल पेट्रोल पंप के पास बृहस्पतिवार की देर रात अज्ञात वाहन के धक्के से बाइक सवार राजमिस्त्री की मौत हो गई। जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों के रोने- बिलखने से गांव में सन्नाटा पसर गया।
बरेसर थाना क्षेत्र के बुढ़ानपुर नहवा गांव निवासी अवधेश कुमार (35) दो दोस्तों के साथ किशोहरी बरात में गए थे। वहां से देर रात भोजन करने के बाद एक ही बाइक से तीनों घर आ रहे थे। मुड़वल पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दिया। हादसे में बाइक चला रहे अवधेश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक पर बैठे बकराबाद उर्फ चकईसा गांव निवासी राजन कुमार और उमाशंकर बिंद गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मर्चरी हाउस भेज दिया और दोनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा। घायल उमाशंकर की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। मृतक अवधेश राज मिस्त्री का काम करता था। मृतक का एक पुत्र अजित और चार पुत्री हैं। दुर्घटना की जानकारी होते ही पत्नी प्रमिला के रोने- बिलखने से गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया। मृतक के पिता रमाशंकर ने थाने में अज्ञात वाहन के खिलाफ तहरीर दी। थानाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि मृतक के पिता की तहरीर पर अज्ञात वाहन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वाहन को चिन्हित करने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।