क्षेत्र के अतरसुआ गांव के सामने गाजीपुर-वाराणसी फोरलेन पर सोमवार की दोपहर तेज रफ्तार अनियंत्रित पिकअप के धक्के से बाइक सवार चाचा- भतीजे की मौत हो गई जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद चालक पिकअप लेकर फरार हो गया। घायल महिला का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है।
कुसमीखुर्द गांव निवासी चंदन चौरसिया (32) अपनी भाभी सरिता और भतीजे अंश (5) के साथ बीते पांच दिसंबर को नगर क्षेत्र में किसी शादी समारोह में शामिल होने गया था। दूसरे दिन दोपहर में वह बाइक से भाभी और भतीजे को बैठाकर वापस लौट रहा था। अतरसुवा गांव के पास गाजीपुर-वाराणसी फोरलेन पर पीछे से आ रही तेज रफ्तार अनियंत्रित पिकअप ने बाइक में टक्कर मार दिया। हादसे में बाइक सवार तीनों सड़क पर गिर पड़े। इधर ग्रामीणों के पहुंचने से पहले चालक पिकअप लेकर वाराणसी की ओर फरार हो गया। वहीं ग्रामीणों ने परिजनों एवं पुलिस को सूचना देने के बाद घायलों को उपचार के लिए पीएचसी लाया। जहां डॉक्टरों ने मासूम अंश को मृत घोषित कर दिया। जबकि युवक और महिला की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। जबकि महिला का उपचार चल रहा है। इधर परिवार के लोग भी जिला अस्पताल पहुंच गए। मासूम और युवक का शव देखकर दहाड़े मारकर रोने-बिलखने लगे। मृतक युवक अभी दो दिन पहले गुजरात से घर आया था। घटना के बाद से मृतक की पत्नी सरिता के बिलखने से गांव में सन्नाटा पसर गया। ग्रामीण परिजनों को सात्वंना देकर शांत कराने में जुटे रहे। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मृतक के चाचा जगदीश चौरसिया की तहरीर पर अज्ञात वाहन के खिलाफ मुकदमा दर्जकर तलाश शुरू कर दी है।