जमालपुर के बाइक सवार की हादसे में मौत के बाद ग्रामीणों द्वारा ट्रैक्टर में लगाई गइ् आग। स्रोत-
जमालपुर। जमालपुर रामपुर संपर्क मार्ग पर करजी गांव के मारका माई मोड़ के पास मंगलवार की रात ट्रैक्टर-ट्राॅली की टक्कर से बाइक सवार की मौत हो गई। हादसे में भाई समेत दो लोग घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौका से भाग गया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने ट्रैक्टर को आग के हवाले कर दिया। पुलिस ने पानी डालकर आग बुझाई। थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि प्राथमिक विद्यालय में अध्यापक दीपक दुबे के बेटे रितिक (25) अपने बड़े भाई रविकांत (29) और गांव के राजन दुबे (30) के साथ बाइक से रविवार की रात को हसौली चट्टी से घर जा रहे थे। रात नौ बजे करजी गांव के मारका माई मोड़ के पास ट्रैक्टर ट्राॅली ने टक्कर मार दी। हादसे में रितिक की मौके पर ही मौत हो गई। रविकांत और राजन गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलोंकको सीएचसी ले जाया गया। वहां गंभीर हालत देखते हुए चिकित्सक ने राजन को ट्राॅमा सेंटर बीएचयू के लिए रेफर कर दिया। दुर्घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को आग के हवाले कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पानी डालकर कर ट्रैक्टर में लगी आग बुझाई। सूचना पर जमालपुर पुलिस के साथ क्षेत्राधिकारी चुनार मंजरी राव व अदलहाट थाने की पुलिस भी पहुंच गई। मृतक तीन भाइयों में सबसे छोटा था। बेटे की मौत से मां गीता देवी, दादी आशा देवी, बहन शिवांगी और बड़े भाई कृष्णकांत का रो-रोकर हाल बेहाल हो गया। दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से भाग गया था।
पिकअप के टक्कर से बाइक सवार की मौत-जिगना। मिर्जापुर-प्रयागराज मार्ग पर जिगना थाना क्षेत्र के रन्नोपट्टी गांव के सामने पिकअप की टक्कर लगने से बाइक सवार आनंद कुमार की मौत हो गई। प्रभारी थानाध्यक्ष आत्माराम यादव ने बताया कि जिगना थाना क्षेत्र के कुशहा ग्राम निवासी आनंद कुमार (30) बुधवार की शाम सात बजे बाइक से मांडा रोड की ओर से अपने घर जा रहा था। रन्नोपट्टी गांव के सामने एक बस से ओवरटेक कर रहा था। पीछे से मुर्गी लेकर जा रही तेज रफ्तार पिकअप ने टक्कर मार दिया। जिससे बाइक सवार गम्भीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र विजयपुर सर्रोई ले गई। जहां पर पर चिकित्सक शिवम सिंह ने मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना पर मां सरस्वती व पत्नी रन्नो देवी बेसुध ही गई। मृतक चार भाई में दूसरे नंबर पर पर था। पिकअप चालक वाहन लेकर भाग गया।