शहर कोतवाली के गाजीपुर घाट स्थित बंजारीपुर गांव के पास गुरुवार की सुबह
बाइक की टक्कर से घायल एक अधेड़ महिला की मौत हो गई। इस घटना से गुस्साए
ग्रामीणों ने गाजीपुर-मुहम्मदाबाद मार्ग पर चक्का जाम कर दिया। इससे सड़क
के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों
को समझाकर जाम खत्म कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। मगर मृतका
की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
शहर के घाट स्टेशन के पास धावा शरीफ बाबा
की मजार है। गुरुवार को यहां पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मत्था टेकने के
लिए आते हैं। इसी क्रम में एक पचास वर्षीय महिला भी घर से निकली थी। वह घाट
स्टेशन के पास टेंपो से उतरी। सुबह करीब साढ़े नौ बजे सड़क पार कर रही थी।
इसी दौरान मुहम्मदाबाद की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार बाइक से उसकी टक्कर हो
गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद बाइक सवार फरार हो गया।
जानकारी होते ही आसपास के लोग मौके की तरफ दौड़ पड़े। गुस्साए लोगों ने
गाजीपुर-मुहम्मदाबाद मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। जाम होते ही दोनों तरफ
आवागमन प्रभावित हो गया। वहीं, तेज धूप के बीच खड़े होकर लोगों को जाम
समाप्त होने का इंतजार करना पड़ा। इस दौरान सबसे ज्यादा उन लोगों की फजीहत
हुई जो परिवार के साथ यात्रा पर निकले थे। गर्मी की वजह से उन्हें
दुश्वारियों का सामना करना पड़ा। शाम तक महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी थी।
पुलिस उसकी पहचान करने में जुटी हुई थी।