फुटबाल प्रतियोगिता के फाइनल में विजेता टीम की कप प्रदान करते मुख्य अतिथि विनोद राय साथ में ब्लाक प्रमुख मुकेश राय।
स्थानीय इंटर कालेज के खेल मैदान पर आदर्श स्पोर्टिंग क्लब के तत्वावधान में 45वीं अंतर प्रांतीय गणेश राय/ प्रभुनारायण राय मेमोरियल फुटबाल प्रतियोगिता का समापन हुआ। रविवार की देर शाम फाइनल रेवतीपुर एवं भोजपुर के बीच खेला गया। इसमें रेवतीपुर ने पेनाल्टी शूट आउट के जरिए 5-4 से जीत दर्जकर खिताब पर अपना कब्जा बरकरार रखा।
मैच के 40वें मिनट में रेवतीपुर के अमजद ने गोलकर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। मध्यांतर तक रेवतीपुर की टीम 1-0 से आगे रही। मैच के 79वें मिनट में भोजपुर के गोलू ने गोल कर टीम को 1-1 की बराबरी पर ला दिया। मैच समाप्त होने तक दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर रहीं। निर्णायक ने दोनों टीमों को अतिरिक्त समय दिया लेकिन उसमें भी कोई हल नहीं निकल सका। अंत में आयोजक मंडल एवं निर्णायक ने मैच का निर्णय पेनाल्टी शूट आउट के सहारे कराने का निर्णय लिया। पेनाल्टी शूट आऊट में भी दोनों टीमें बराबरी पर रहीं। निर्णायक ने पुन: एक बार पेनाल्टी शूट आउट का सहारा लिया, जिसमें रेवतीपुर ने भोजपुर को 5-4 से पराजित कर फाइनल जीतकर खिताब पर कब्जा बरकरार रखा। मैन आफ द टूर्नामेंट के रूप में भोजपुर के बिट्टू सिंह एवं मैन आफ द मैच का पुरस्कार रेवतीपुर के गोलकीपर धुरंधर यादव को मिला।
मुख्य अतिथि विनोद राय एवं विशिष्ट अतिथि द्वय भाजपा जंगीपुर विस से प्रत्याशी रामनरेश कुश्वाहा एवं रेवतीपुर ब्लाक प्रमुख मुकेश राय ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। इस मौके पर पूर्व प्रधान आदित्य नारायण राय, आयोजक प्रफुल्लचंद्र राय, अभिषेक कुमार सिंह, शफीक खां, मनीष राय, मेठ बिंद, ब्रजकिशोर, जयशंकर राय, शिवप्रकाश राय, हंसलाल कुश्वाहा, राधेश्याम कुश्वाहा, लक्ष्मण राय, काशीनाथ यादव आदि मौजूद रहे। मैच के उद्घोषक सुरेंद्र राय एवं निर्णायक की भूमिका चुन्नू मिश्रा ने निभाई ।