दूसरे चरण में ग्राम पंचायत के प्रधान और सदस्य पद के लिए मंगलवार को मतदान कराया जाएगा। प्रधान पद की 252 और सदस्य पद की 3308 पद के लिए होने वाले चुनाव में करीब 5 हजार उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला 6 लाख 80 हजार से ज्यादा मतदाता करेंगे। इसके लिए संबंधित ब्लाकों में 404 मतदान केन्द्र एवं 1012 मतदान स्थल बनाए गए हैं।
जिले में पंचायत चुनाव के दूसरे दौर में प्रधान एवं सदस्य पद के लिए चुनाव कराया जा रहा है। चार चरणों में होने वाले चुनाव के दूसरे चरण का मतदान मंगलवार को कराया जाएगा। सदर, जमानिया, रेवतीपुर और भदौरा ब्लाक की 42 न्याय पंचायतों के प्रधान पद की 252 और सदस्य पद की 3308 सीट के मतदान कराया जाएगा। इस चुनाव में इन दोनों पदों पर 2046 और 3061 सहित 5107 उम्मीदवार ताल ठोंक रहे है।
इनकी किस्मत का फैसला 6,80035 मतदाता करेंगे। इसमें 3,63655 पुरूष एवं 316380 महिला मतदाता हैं। दूसरे चरण में प्रधान पद के सर्वाधिक उम्मीदवार जमानिया ब्लाक में हैं तो भदौरा ब्लाक में संख्या सबसे कम है। सदर ब्लाक में प्रधान पद की 77 सीट के लिए 590 और सदस्य 1003 सीट पर 783, जमानिया की 83 सीट के लिए 640 एवं सदस्य के 1075 पद पर 1019, भदौरा की 46 सीट के लिए 390 एवं सदस्य पद की 620 सीट पर 896 तथा रेवतीपुर की 46 सीट पर 426 एवं सदस्य पद की 610 सीट पर 363 प्रत्याशी ताल ठोंक रहे हैं। कड़ी सुरक्षा के बीच कराए जाने वाले मतदान की सभी तैयारी पूरी कर ली गई हैं।
चारों ब्लाकों को 8 जोन एवं 52 सेक्टर में विभाजित किया गया है। रविवार की शाम प्रचार का कार्य थम जाने के बाद सोमवार को अंतिम क्षणों में प्रत्याशियों ने पूरी ताकत झोंक दी। घर-घर संपर्क कर उम्मीदवार और उनके समर्थक मतदाताओं को रिझाने में जुटे रहे।