कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में रविवार की सुबह ट्यूशन पढ़ने मदरसा गई नाबालिग छात्रा के साथ प्रबंधक-प्रधानाचार्य ने दुष्कर्म का प्रयास किया। इससे नाराज ग्रामीणों ने मदरसे में न सिर्फ तोड़फोड़ कर आग लगा दी बल्कि आरोपी के सिर और मूंछ का आधा बाल मुड़वाकर उसकी जमकर पिटाई भी की। लोग उसे इसी हाल में गांव में घुमाने की फिराक में थे तब तक पुलिस पहुंच गई और आरोपी को अपने शिकंजे में ले लिया।
छात्रा के पिता ने प्रधानाचार्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस तैनात की गई है।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली कक्षा नौ की नाबालिग छात्रा रविवार की सुबह सात बजे मदरसा सलमा तामिमुद्दीन दारुल उलूम में ट्यूशन पढ़ने गई थी। इसी दौरान मदरसे के प्रधानाचार्य आबिद राईनी (45 वर्ष) ने उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। छात्रा किसी तरह उसके चंगुल से छूटकर घर पहुंची। उसने परिवार वालों को प्रधानाचार्य की करतूत की जानकारी दी। इसके बाद परिवार के लोग नाराज हो गए।
वे ग्रामीणों के साथ मदरसे में पहुंचे। वहां प्रधानाचार्य और ग्रामीणों में कहासुनी होने लगी। इसके बाद गुस्साए छात्रों और ग्रामीणों ने मदरसे में तोड़फोड़ करने के साथ ही आग लगा दी जिसे बड़ी मशक्कत के बाद फायर कर्मियों ने बुझाया। यही नहीं, ग्रामीणों ने उसकी जमकर पिटाई करने के बाद उसके सिर और मूंछ का आधा बाल भी मुड़वा दिया।
ग्रामीण घटना की जानकारी पुलिस को देने के बाद आरोपी को गांव में घुमाने की तैयारी कर रहे थे, इसी बीच मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें समझाकर शांत कराया और उनके कब्जे से आरोपी को छुड़ाकर कोतवाली ले गई। आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए काफी संख्या में ग्रामीण भी कोतवाली पहुंच गए। उधर, छात्रा के पिता की तहरीर पर पुलिस ने प्रधानाचार्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। सीओ राममोहन सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। लिखा-पढ़ी के बाद उसे जेल भेज दिया जाएगा। छात्रा को मेडिकल के लिए जिला महिला अस्पताल भेजा गया है। गांव में शांति व्यवस्था बनी रहे, इसके लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस फोर्स तैनात की गई है।