उम्मीद संस्था की ओर से स्वच्छ आंगन अभियान चलाया जा रहा है। शहर के ददरीघाट को आदर्श कालोनी बनाने के प्रयास में अपना सहयोग देने के लिए रविवार की सुबह केन्द्रीय रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा पहुंचे। उन्होंने पौधरोपण के बाद युवाओं के सफाई अभियान में झाड़ू लगाकर सहयोग किया।
अभियान के संयोजक सिद्धार्थ राय ने बताया कि आदर्श कालोनी में सड़क के किनारे चबूतरे एवं पौधरोपण, ईको फ्रेंडली डस्टबिन, यातायात संबंधी जानकारी देने के लिए बोर्ड लगाए जाएंगे। इसके साथ ही नाले के किनारे खुशबूदार क्यारी, बच्चों के लिए प्याऊ की सुविधा एवं गाय के लिए चारे-पानी की व्यवस्था की जाएगी। जर्जर हो चुकी दीवारों को प्रेरणादायी बनाने एवं सड़क किनारे सुंदरीकरण के तहत लाल और पीले रंग से रंगाई का कार्य शुरू कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि छह जून तक यह कार्य पूरा कर लिया जाएगा।
उसी दिन शाम को ददरीघाट कालोनी दिवस मनाया जाएगा। इस दौरान विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ मुख्य अतिथि केन्द्रीय रेल राज्यमंत्री कार्यक्रम में सहयोग करने वालों को सम्मानित करेंगे। इस मौके पर नगर पालिकाध्यक्ष विनोद अग्रवाल, अखिलेश सिंह, संजीव गुप्त, नीरज श्रीवास्तव, उमेश श्रीवास्तव, बाबी सिंह, आशुतोष, शशांक, शनि, संदीप, विकास, विष्णु, शुभम, शिवम उत्कर्ष, अभिजीत, हरिहर, रामनगीना तथा सत्येंद्र ने सहयोग किया।