भिक्खीचौरा गांव के स्व. प्रभुनारायण सिंह खेल मैदान पर खेलते जमानिया व बवाड़े के खिलाड़ी। संवाद
सुहवल। क्षेत्र के भिक्खीचौरा स्थित प्रभुनारायण सिंह खेल मैदान पर आयोजित प्रभुनारायण सिंह मेमोरियल फुटबॉल टूर्नामेंट के तहत मंगलवार को जमानिया व बवाड़े की टीम के बीच लीग मुकाबला खेला गया। रोमांच और संघर्ष से भरे इस मुकाबले में बवाड़े की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जमानिया को 1-0 से पराजित कर क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। निर्धारित 75 मिनट के इस मुकाबले में दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया।
मैदान पर गेंद पर कब्जा जमाने और गोल करने के लिए दोनों टीमों के बीच लगातार संघर्ष देखने को मिला। खेल के 23वें मिनट में बवाड़े की टीम ने शानदार तालमेल और आक्रामक रणनीति के दम पर जमानिया के गोलपोस्ट में गेंद पहुंचाकर 1-0 की बढ़त बना ली। गोल होते ही बवाड़े के खिलाड़ियों और समर्थकों में उत्साह देखने को मिला। एक गोल से पिछड़ने के बाद जमानिया की टीम ने मुकाबले में वापसी के लिए पूरी ताकत झोंक दी।
खिलाड़ियों ने कई बार विपक्षी टीम के गोलपोस्ट पर हमले किए और बराबरी का गोल दागने का प्रयास किया, लेकिन बवाड़े की मजबूत रक्षापंक्ति के सामने उनकी एक न चली। वहीं बवाड़े के खिलाड़ियों ने भी अपनी बढ़त कायम रखने के लिए शानदार खेल का प्रदर्शन किया। दोनों टीमों के गोलकीपर और रक्षापंक्ति ने कई प्रयासों को नाकाम किया। अंततः निर्धारित समय तक जमानियां की टीम बराबरी का गोल नहीं कर सकी और बवाड़े ने 1-0 से जीत दर्ज कर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया।