सावन माह के मद्देनजर बुधवार को जिलाधिकारी संजय खत्री और पुलिस अधीक्षक सोमेन वर्मा ने ददरीघाट और चीतनाथ गंगा घाट का निरीक्षण किया। इस दौरान डीएम ने जिन गंगा घाटों पर कांवरियों की अधिक भीड़ होती है, वहां बैरीकेडिंग के साथ ही साफ-सफाई और बिजली की व्यवस्था करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया। कांवरियों के गंगा स्नान के दौरान गोताखोरों की तैनाती करने को कहा।
आगामी दस जुलाई से सावन माह शुरू हो रहा है। महीने के प्रारंभ से ही जिला मुख्यालय से लगभग 30 किलोमीटर दूर मरदह से महाहर धाम में हजारों कांवरिए बाबा का जलाभिषेक करते हैं। कांवरियों की इस भीड़ में जिले के साथ ही अन्य जनपदों के भक्त भी शामिल होते हैं। सावन माह भर प्रत्येक रविवार को खासकर शहर के ददरीघाट और चीतनाथ गंगा घाट पर कांवरियों का रेला उमड़ता है। इन गंगा घाटों पर स्नान करने के बाद कांवरिया कांवर में जल लेकर पदयात्रा करते हुए महाहर धाम जाते और सोमवार को बाबा का जलाभिषेक करते हैं। इस माह के मद्देनजर आज सुबह जिलाधिकारी संजय खत्री पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा सहित अन्य के साथ ददरीघाट पहुंचे। उन्होंने गंगा घाट का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों से यह जानकारी लिया किया।
उन्होंने नगरपालिका अधिकारी को निर्देश दिया कि समय से पूर्व गंगा घाट के साथ ही रास्ते की साफ-सफाई कराई जाए। कहा कि कांवरियों के गंगा स्नान के दौरान पर्याप्त संख्या में गोताखोरों की तैनाती की जाए। सीएमओ से बात करते हुए डीएम ने कहा कि घाट पर दो एम्बुलेंस की व्यवस्था करें। इसके अलावा डाक्टरों की टीम भी मौजूद रहे।
सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में एसपी से वार्ता करते हुए कहा कि पर्याप्त संख्या में पुुलिस कर्मियों के साथ ही महिला पुलिस की भी तैनाती की जाएगी। इस अवसर पर सीएमओ जनार्दनमणि त्रिपाठी, एसडीएम सत्येंद्र प्रकाश, नगरपालिका के कर अधीक्षक विजयशंकर, विद्युत विभाग के एसडीओ शिवम राय, जेई अविनाश कुमार आदि अधिकारी मौजूद थे।