शहर के लंका मैदान में गुरुवार को उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री एवं
बसपा सुप्रीमो मायावती का 59 वां जन्मदिन जनकल्याणकारी दिवस के रूप में
समारोहपूर्वक मनाया गया। इस मौके पर बसपा की ओर से 59 किलो का केक भी काटा
गया।
बसपाजनों ने पार्टी सुप्रीमो के दीर्घायु होने की कामना करते हुए
आगामी विधानसभा चुनाव में प्रदेश की कमान उन्हें सौंपने का संकल्प लिया।
साथ ही भाजपा, कांग्रेस और सपा पर जनहितों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए
कठघरे में खड़ा किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आजमगढ़, वाराणसी मंडल
के जोन कोआर्डिनेटर डा. मदन राम ने कहा कि कार्यकर्ता पार्टी को मजबूत
बनाने के लिए तन-मन से लग जाएं। वर्ष 2017 में विधानसभा चुनाव होना है।
इसकी तैयारी में कार्यकर्ता अभी से जुट जाएं। पार्टी की नीतियों से आम जन
को अवगत कराते हुए उन्हें अपने साथ जोड़ें।
केंद्र और प्रदेश सरकार की
चर्चा करते हुए कहा कि इन सरकारों को आम जनता की भावनाओं और हितों का जरा
भी ख्याल नहीं है। इनकी जनविरोधी नीतियों से हर वर्ग के लोग आजिज आ चुके
हैं। प्रदेश में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं है। बसपा के शासनकाल
में चारों तरफ खुशहाली थी।
सरकार के क्रिया-कलाप से नाराज जनता बदलाव का मन
बना चुकी है। जोन कोआर्डीनेटर रामचंद्र गौतम ने कहा कि बसपा ही सभी वर्गों
की सच्ची हितैषी है। ऐसे में बसपा के साथ जुड़कर मायावती के हाथों में ही
देश और प्रदेश की बागडोर सौंपनी होगी। इस मौके पर गायक कलाकारों की ओर से
बसपा के मिशन गीत भी प्रस्तुत किए गए। लंका मैदान पार्टी के झंडा और बैनरों
से पटा हुआ था।
समारोह में विधान परिषद सदस्य राजदेव सिंह, पूर्व विधायक
कालीचरन राजभर, पूर्व विधायक जखनिया विजय कुमार, डा. राजकुमार सिंह गौतम
डा. मंजू कौशल, ओमप्रकाश गुप्त, संजीव कुमार, परवेज खां, सुभाष राम सिपाही,
कुलदीप, विजेंद्र सिंह, अरुण, आदि उपस्थित थे। अध्यक्षता पूर्व सांसद कैलाशनाथ
सिंह यादव तथा संचालन जिलाध्यक्ष विनोद कुमार बागड़ी ने किया।