बढ़ती ठंड और शुष्क हवा से त्वचा संबंधी दिक्कतें इन दिनों तेजी से बढ़ रही हैं। तापमान गिरते ही हाथ-पैर में रूखापन, चेहरे पर सफेद परत, फटी त्वचा, खुजली और लाल दाने उभरने की समस्या से लोग परेशान हो रहे हैं।
पीएचसी की ओपीडी में ऐसे मरीजों की संख्या सामान्य दिनों की तुलना में बढ़ रही है। सोमवार को त्वचा रोग के 6 रोगी पहुंचे। इनमें महिलाओं व बच्चों की संख्या अधिक रही। चिकित्सक ने जांच रिपोर्ट के आधार पर सलाह दी और दवाओं का सेवन करने की सलाह दी।
पीएचसी के डॉ. अंकित सिंह ने बताया कि 62 रोगियों का उपचार हुआ। सर्वाधिक रोगी बुखार, सर्दी, जुकाम के बाद त्वचा संबंधित रोग के रहे। त्वचा में नमी की कमी से रुखेपन के साथ तमाम समस्याएं सामने आ रही हैं।
बार-बार होने वाले दाने, फफूंद संक्रमण, सोरायसिस या एक्जिमा जैसी दिक्कत महिलाओं में अधिक दिख रही है। पैर में खुजली व त्वचा फटने की समस्या आम है।
ऐसे करें बचाव
•रोजमर्रा की डाइट में पानी और तरल पदार्थों का सेवन बढ़ाएं।
•त्वचा पर रसायनयुक्त साबुन और क्रीम का उपयोग न करें। चिकित्सक परामर्श जरूर लें।
•महिला, बच्चों और बुजुर्गों की त्वचा का विशेष ध्यान सर्दी में रखें व नमी बनाए रखने का उपाय करें।
•धूप में अच्छी क्वालिटी का चिकनाई युक्त वैसलीन लेप या जैतून, सरसों, नारियल का तेल लगाएं।
•गुनगुने पानी से स्नान करें।