गाजीपुर। कोरोना संक्रमण से दो-दो हाथ करने वाले स्वास्थ्य कर्मियों को कोविड वैक्सीन का दूसरा डोज लगते ही संतुष्टि के भाव साफ नजर आया। सुबह 8.30 बजे केंद्रों पर टीकाकरण की टीम पहुंच गई थी। इधर, सीएमओ के नेतृत्व में एसीएमओ की टीम ने सुबह नौ बजे जिला एवं महिला अस्पताल का निरीक्षण किया। स्वास्थ्य कर्मियों के एक-एक करके आने का जहां क्रम निर्धारित समय तक चलता रहा, वहीं सभी टीका लगवाकर पूरे उत्साह एवं जोश से लबरेज दिखे।
जिले के 16 सीएचसी-पीएचसी के अलावा जिला एवं महिला अस्पताल के अलावा जमानिया तिराहा स्थित चिह्नित एक निजी अस्पताल में टीकाकरण के लिए टीम सुबह आठ बजे से ही पहुंच गई थी। सुबह 8.30 बजे सीएमओ डॉ. जीसी मौर्या के साथ एसीएमओ की टीम ने तीनों स्थलों का निरीक्षण करने के साथ तैयारियों का जायजा लिया। सुबह 8.45 बजे एक-एक लाभार्थियों के आने का क्रम शुरु हो गया। टीकाकरण स्थल के मुख्य गेट पर ही सूची से आईडी का मिलान करने के बाद एक-एक करके लाभार्थियों को प्रवेश दिया जा रहा था। प्रतीक्षा कक्ष में बैठने के बाद सभी का ‘कोविन एप’ के जरिए नाम एवं टीका लगने के निर्धारित समय को देखा गया।
सुबह नौ बजे से जिला एवं महिला अस्पताल के टीकाकरण कक्ष में एएनएम द्वारा टीका लगाया जाना शुरू किया गया। इधर बीते 16 जनवरी को लगे कोविड के प्रथम डोज के लाभार्थी भी पहुंच चुके थे। पूर्वांह्न 10.45 बजे सीएमओ को दूसरा डोज लगा। जबकि एसीएमओ डा. डीपी सिन्हा को पूर्वाह्न 10.50, एसीएमओ डा. केके वर्मा को पूर्वांह्न 10.55 बजे एवं पूर्वांह्न 11 बजे कोविड टीकाकरण के नोडल एसीएमओ डा. उमेश कुमार ने दूसरा डोज लगवाया। इधर अन्य केंद्रों पर भी स्वास्थ्य कर्मियों का वैक्सीनेशन हुआ। कोविड-19 के दूसरे डोज के लगते ही स्वास्थ्य कर्मियों के चेहरे पर संतुष्टि के भाव साफ झलक रहे थे।