नीट में जनपद के कई मेधावियों ने सफलता प्राप्त की है। इनकी सफलता से परिजनों, शुभचिंतकों और क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है। मेधावियों को उनके परिजनों की ओर से बधाई दी गई। वहीं खानपुर क्षेत्र के पटना निवासी आर्यन यादव ने नीट में टॉप किया है।
खानपुर : क्षेत्र के पटना निवासी आर्यन यादव पुत्र उमेश यादव ने नीट की परीक्षा में 720 में से 720 अंक पाकर टॉप किया है। उन्होंने पूरे जनपद का नाम रोशन किया है। उनकी सफलता से शुभचिंतकों सहित क्षेत्र में हर्ष व्याप्त है। हाईस्कूल और इंटर सेंट्रल एकेडमी लखनऊ से पास किया है। इंटर में 95 प्रतिशत अंक प्राप्त किया था। अपनी कामयाबी का श्रेय उन्होंने अपनी मां सुमन यादव और पिता को दिया। आर्यन यादव न्यूरोसर्जन बनकर समाज सेवा करने की इच्छा व्यक्त की।
बारा : गांव निवासी और पूर्व जिला पंचायत सदस्य जमाल ए जन्नत खान की पुत्री जिकरा हयात खान ने 720 में 665 अंक हासिल किया है। वह झारखंड रहकर इसकी तैयारी कर रही थीं। जिकरा हयात ने नीट में 665 अंक के साथ ऑल इंडिया स्तर पर 18528 वीं रैंक हासिल की है। जिकरा ने सफलता का श्रेय माता- पिता, अभिभावकों व गुरुजनों को देते हुए कहा कि उनके बेहतर मार्गदर्शन से ही इस प्रकार की सफलता हासिल की है।
कहा कि दृढ़ इच्छाशक्ति के आधार पर किसी भी सफलता को आसानी से हासिल किया जा सकता है। पिता जमाल ए जन्नत खान ने बेटी की सफलता पर खुशी जताई। वहीं महेंद निवासी मो. इस्लाम खान ने नीट की परीक्षा में 680 अंक पाकर ऑल इंडिया रैंक 9099 हासिल किया है।
बहादुरगंज : नगर के वार्ड चार मोहल्ला पुरानीगंज के निवासी रेहान फैजल पुत्र फजल रहमान ने नीट की परीक्षा में 643 अंक प्राप्त किया है। जमानिया : क्षेत्र के कसेरा पोखरा गांव स्थित सनशाइन पब्लिक स्कूल के दो छात्रों को नीट की परीक्षा में सफलता मिली है। सनशाइन पब्लिक स्कूल के छात्र मनीष उपाध्याय ने जनरल ईडब्ल्यूएस कैटेगरी में 99.00 परसेंटाइल अंक अर्जित करते हुए 2814वीं रैंक हासिल किया है।
वहीं विद्यालय के छात्र अमित सिंह ने ओबीसी कैटेगरी में 98.85 परसेंटाइल अंक अर्जित करते हुए 11818वीं रैंक हासिल की है। दुल्लहपुर : जखनिया क्षेत्र के मटुकपुर ग्रामसभा की सृष्टि ने 695 अंक लाकर आल इंडिया रैंक 2772 और कैटेगरी रैंक 980 प्राप्त की है। यह सूचना मिलते ही घर में जश्न का माहौल हो गया। सृष्टि के नाना-नानी, मामा-मामी समेत पूरे परिवार ने केक काटकर खिलाया।