मरदह गांव में आयोजित जन चौपाल में बोलते उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर। संवाद
मरदह। क्या 20 प्रतिशत मुसलमान सिर्फ दरी बिछाने और सपा को वोट देने के लिए है। हार-जीत की परवाह किए बगैर पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को आगामी विधानसभा चुनाव के लिए मुख्यमंत्री पद का चेहरा मुस्लिम समाज से घोषित करना चाहिए। यह बातें प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने बृहस्पतिवार को गांव में आयोजित जन चौपाल में कहीं। उन्होंने कहा कि मुस्लिम समाज को शिक्षा, रोजगार, नौकरी और राजनीति में भी उचित भागीदारी मिलनी चाहिए। ओवैसी दूसरों का गणित बिगाड़ने के बजाय अपना राजनीतिक गणित बना रहे हैं। वोट चोरी के आरोपों पर राजभर ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आरोप लगाना आसान है, लेकिन उन्हें साबित करना कठिन है।
मतदाता सूची की जांच और संशोधन की प्रक्रिया पहले से होती रही है। सपा सरकार के समय वितरित लैपटॉप के वितरण में घोटाला हुआ था। इस समय सरकार द्वारा 62 लाख लैपटॉप बाटे गए दो करोड़ बांटने का लक्ष्य है। सैकडों करोड़ रुपये लेकर सपा ने राज्यसभा का टिकट दिया है। समाजवादी पार्टी अध्यक्ष के घर में 9 सांसद हैं। यही पीडीए और समाजवाद है। इस मौके पर जितेंद्रनाथ पांडेय, सीता सिंह, शशिप्रकाश, प्रेमनारायण, मनोज सिंह आदि मौजूद रहे। संवाद