शहर के स्वामी सहजानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय के जीडीसीए मैदान पर गाजीपुर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट लीग टूर्नामेंट का फाइनल एपीआरसी ग्रीन और मां भागीरथी मेडिकल क्रिकेट क्लब के बीच बृहस्पतिवार को खेला गया। इसमें एपीआरसी ग्रीन की टीम ने 16 रन से जीत दर्ज कर खिताब जीत लिया।
फाइनल में मां भागीरथी मेडिकल क्रिकेट क्लब ने टॉस जीतकर एपीआरसी ग्रीन को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। टीम ने निर्धारित 40 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 219 रन बनाए। टीम की ओर से विकेट कीपर पीयूष कुशवाहा ने 59 और सक्षम ने नाबाद 42 रन बनाए।
मां भागीरथी मेडिकल क्रिकेट क्लब की तरफ से अजय मौर्या एवं ब्रजेश बिंद ने 2-2 और शशांक पांडेय एवं नीलोत्पलेंदु प्रताप ने एक-एक विकेट लिए। 220 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए मां भागीरथी मेडिकल क्रिकेट क्लब की टीम 39वें ओवर की अंतिम गेंद पर 203 के स्कोर पर आउट हो गई। टीम की ओर से शशांक ने 49 एवं अभिषेक कश्यप ने 45 रन बनाए।
एपीआरसी ग्रीन की तरफ से अजित ने तीन और तौकीक अली, अमन यादव ने 2-2 एवं यश यादव व विराज राय ने 1-1 विकेट लिए। स्मृति राय और अभिषेक यादव ने अंपायरिंग की।
सिद्धार्थ और आयुष ने स्कोरर की भूमिका निभाई। सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को क्रिकेट बाॅल पुरस्कार स्वरूप दी गई।
पुरस्कार वितरण समारोह में रोटरी क्लब गाजीपुर के अध्यक्ष सीपी चौबे, जीडीसीए के मुख्य संरक्षक एवं उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के एपेक्स काउंसिल के सदस्य संजीव कुमार सिंह, वैभव सिंह, जीडीसीए के अध्यक्ष शाश्वत सिंह आदि मौजूद थे। संचालन रंजन सिंह एवं आभार संजय राय ने व्यक्त किया।