ग्राम पंचायत के प्रधान, सदस्य एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य के खाली पड़े पदों के लिए उपचुनाव हो रहा है। इस चुनाव के लिए उम्मीदवारों की ओर से नामांकन पत्र खरीदा जा रहा है। अब तक पांच विकास खंड में प्रधान पद के 27 नामांकन पत्र लिए गए हैं। जबकि मनिहारी में एक भी पर्चा नहीं खरीदा गया है।
राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से बीते दिनों उपचुनाव का कार्यक्रम घोषित किया गया था। जिले में प्रधान पद की सात, बीडीसी की एक और ग्राम पंचायत सदस्य के 23 पदों के लिए 19 फरवरी को मतदान कराया जाएगा। 8 फरवरी को नामांकन का कार्य होगा। इस चुनाव के लिए प्रत्याशियों की तरफ से नामांकन पत्रों की खरीद की जा रही है। अब तक प्रधान पद के लिए ही नामांकन पत्र खरीदे गए हैं। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत एवं नगरीय निकाय) गुनराज ने बताया कि सादात एवं रेवतीपुर में 8-8, सैदपुर 1 तथा मुहम्मदाबाद एवं भांवरकोल ब्लाक में 5-5 पर्चे खरीदे गए हैं। मनिहारी में प्रधान और भदेंव बीडीसी की एक सीट के लिए अब तक कोई पर्चा नहीं खरीदा गया है।