जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं पहले से और बेहतर होंगी। शासन की ओर से जिले में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत 118 स्वास्थ्य उपकेंद्रों के संचालन की स्वीकृति दी गई है। फिलहाल इनका संचालन किराए के भवनों में होगा। शासन से स्वीकृति मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्वीकृत नये स्वास्थ्य उपकेंद्रों के संचालन को लेकर कवायद शुरू कर दी गई है। इसके लिए संबंधित क्षेत्रों में किराए के भवनों की तलाश शुरू कर दी गई है।
वर्तमान में जनपद में कुल 525 स्वास्थ्य उपकेंद्रों का संचालन किया जा रहा है। इनसे 26.25 लाख की आबादी लाभान्वित हो रही है। पांच हजार की आबादी पर एक स्वास्थ्य केंद्र का संचालन करने का मानक है। संचालित होने वाले नए 118 स्वास्थ्य उपकेंद्रों से 5.90 लाख की आबादी को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा। नए स्वास्थ्य उपकेंद्रों के किराए के भवनों का मासिक रेंट तीन हजार रुपये तय किया गया है। शासन की मंशा है कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर किया जाए। साथ ही अधिक से अधिक आबादी को इसका लाभ मिल सके। इसलिए नए स्वास्थ्य उपकेंद्रों को मंजूरी दी गई है।