राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के तहत जिले के लिए मंजूर तीन हाईस्कूलों का संचालन पहली जुलाई से होना था। लेकिन अध्यापकों की नियुक्ति न होने के कारण अभी तक इसका संचालन नहीं हो सका है जबकि शासन से निर्देश था कि उच्चीकृत नए विद्यालयों का संचालन पहली जुलाई से हो जाना चाहिए।
विभागीय सूत्रों के मुताबिक जिले में राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के तहत 13 राजकीय हाईस्कूल संचालित हो रहे हैं। वर्तमान शैक्षिक सत्र से तीन और राजकीय हाईस्कूलों को चलाने की मंजूरी मिली है। इन स्कूलों में जखनिया का राजकीय हाईस्कूल सदरजहांपुर, मनिहारी का राजकीय हाईस्कूल मधुवन एवं बिरनो विकासखंड का राजकीय हाईस्कूल शामिल है। इनको संचालित करने के लिए जिले के अन्य राजकीय विद्यालयों से अध्यापकों को प्रभारी प्रधानाध्यापक बनाकर भेजा जाना था। इसकी प्रक्रिया चार जुलाई बीत जाने के बाद भी पूरी नहीं हो सकी। ऐसी स्थिति में इन विद्यालयों का संचालन नहीं हो पा रहा है।
इन विद्यालयों के संचालन के संबंध में प्रभारी प्रधानाध्यापक तैनात किए जाने के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक की ओर से एक पत्र संयुक्त शिक्षा निदेशक वाराणसी को भेजा जा चुका है। अभी तक वहां से कोई दिशा-निर्देश न मिलने के कारण इन विद्यालयों का संचालन अवरुद्ध पड़ा है। विभागीय सूत्रों का कहना है कि एक-दो दिन के अंदर इन विद्यालयों का संचालन अनिवार्य रूप से करा लिया जाएगा।