शहर के पीजी कालेज चौराहा पर कालेज प्रशासन के खिलाफ चक्का जाम कर रहे छात्रों को समझाते एसडीएम एके सिंह साथ में सीओ वेदप्रकाश सिंह
स्नातकोत्तर महाविद्यालय के छात्रों ने सोमवार को पीजी कालेज चौराहे के बीचो-बीच छात्रसंघ अध्यक्ष अमरजीत यादव के नेतृत्व में बैठकर काॅलेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए चक्का जाम कर दिया। चक्काजाम की जानकारी होते ही मौके पर पहुंचे सदर एसडीएम एके सिंह और सीओ वेद प्रकाश सिंह ने छात्रों को समझा-बुझाकर जमा हटवाया।
मालूम हो कि छात्र नेता रविवार की देर शाम महाविद्यालय कैंपस में चुनाव प्रचार कर रहे थे। इसको देखते हुए महाविद्यालय प्रशासन ने आज कैंपस में पुलिस प्रशासन से सहयोग मांगकर कैंपस में पुलिस की तैनाती करवा दी। छात्र नेताओं को महविद्यालय कैंपस में प्रचार करने पर प्रतिबंध लगा दिया। इसकी जानकरी होते ही छात्र नेता आक्रोशित हो गए। छात्र नेता पीजी काॅलेज चौराहे के बीच बैठकर चक्काजाम कर कालेज प्रशासन के खिलाफ नारे-बाजी करने लगे।
चक्का जाम होने के चलते सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। कालेज प्रशासन ने इसकी सूचना जिला प्रशासन को दी। जानकारी होने पर सदर एसडीएम एके सिंह और सीओ वेद प्रकाश सिंह कोतवाली पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गए। सदर एसडीएम और सीओ के समझाने के बाद छात्रो का गुस्सा शांत हुआ। इसके बाद जिला प्रशासन, महाविद्यालय प्रशासन और छात्र नेताओं के बीच चली वार्ता के बाद जिला प्रशासन ने कालेज कैंपस में छात्र नेताओं को प्रचार करने की अनुमति दी। साथ ही छात्र नेताओं को यह भी निर्देशित किया की प्रवेश परीक्षा समाप्त होने के बाद ही छात्र कैंपस में प्रचार कर सकते हैं। इस मौके पर कमलेश यादव, नीलेश, मिथलेश, विपुल, मनोज, नवीन यादव, राकेश यादव, सुनील, दीपक आदि मौजूद रहे।