नंदगंज। थाना क्षेत्र के सहेड़ी स्थित एक ढाबा के पास रविवार को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो के धक्के से एक पशुपालक की मौत हो गई। वहीं चार बकरियों की भी मौत हो गई। जबकि नौ बकरियां घायल हो गई। हादसे के बाद चालक स्कॉर्पियो छोड़कर भाग गया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेने के साथ शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कुसम्ही कला गांव निवासी रामराज पाल(58) घर से गांव के ही सुभाष पाल के साथ बकरी चराने के लिए सहेड़ी गांव की तरफ गए थे। बकरी चराकर वापस आ रहे थे। सहेड़ी में ढाबा के पास हाईवे पर वाराणसी के तरफ से आ रही तेज रफ्तार स्कार्पियो मैजिक में टक्कर मारते हुए घर जा रहे रामराज पाल को कुचलते हुए आगे बढ़ गई। हादसे में पशु पालक की मौके पर ही मौत हो गई। साथ ही चार बकरियों की भी मौत हो गई और नौ बकरी घायल हो गई। मृतक दो भाई में बड़े थे। थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि मृतक के पुत्र विनोद पाल ने स्कार्पियो चालक के खिलाफ तहरीर दी है। मुकदमा दर्जकर चालक की तलाश करने के साथ शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।