गाजीपुर। जिले में बिजली निगम के खिलाफ लोगों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार की रात अंधऊ पावर हाउस का लोगों ने घेराव किया था। इसी क्रम में रविवार को विद्युत वितरण खंड सैदपुर के बिजली उपकेंद्र मैनपुर पर ग्रामीणों ने धरना दिया। मनमाने ढंग से बिजली कटौती व कर्मियों की कमी को लेकर दो घंटे धरना देने के बाद अधिशासी अभियंता बृजेश कुमार को पत्रक सौंपा।
सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक धरना चला। इसके बाद मौके पर पहुंचे अधिशासी अभियंता को पत्रक सौंपा। ग्रामीणों का कहना है कि प्रतिदिन तीन से चार घंटे ही बिजली आपूर्ति की जा रही है। फाॅल्ट के नाम पर मनमाने तरीके से बिजली कटौती की जा रही है।
कभी ओवरलोड तो कभी रोस्टिंग के नाम पर कटौती हो रही है। आरोप लगाया कि अभियंताओं व कर्मचारियों की मनमानी के कारण अघोषित बिजली कटौती हो रही है। इससे क्षेत्र के किसानों के लिए सिंचाई का संकट गहराता चला जा रहा है। क्षेत्र के सभी उपकेंद्रों पर कर्मियों की कमी है। उपभोक्ताओं को फाल्ट व रोस्टिंग के नाम पर गुमराह किया जा रहा है।
कर्मियों की कमी के कारण फाल्ट दुरुस्त नहीं हो पा रहे हैं। फाल्ट बनने में दो से तीन दिन लगाया जा रहा है। अघोषित बिजली कटौती के कारण उमस भरी गर्मी में ग्रामीणों का जीना दुश्वार हो गया है। सबसे अधिक दिक्कत घर में रहने वाली महिलाओं व छोटे बच्चों को करना पड़ रहा है।
इलेक्ट्रानिक उपकरण शो-पीस बन जा रहे हैं। वर्तमान में धान की रोपनी का समय चल रहा है। लेकिन, बिजली कटौती होने के कारण सिंचाई का कार्य प्रभावित हो रहा है। वहीं अधिशासी अभियंता बृजेश कुमार की ओर से समस्याओं के निस्तारण का आश्वासन दिया गया। तब जाकर धरना समाप्त हुआ। इस मौके पर अंकुर, सूरजपाल सिंह, मनीष सिंह, अमन, राहुल आदि मौजूद रहे।