सुहवल। शहर कोतवाली के रजागंज चौकी स्थित हमीद सेतु से मंगलवार को लगभग 20 साल की उम्र की एक युवती ने गंगा में छलांग लगा दी। पुल से गुजर रहे राहगीरों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम स्थानीय गोताखोरों एवं नाव की मदद से तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। युवती कौन थी, इसका पता नहीं लग पाया है।
दोपहर करीब ढाई बजे एक युवती हमीद सेतु पुल पर पहुंची और इधर- उधर देखने के बाद रेलिंग से गंगा में छलांग लगा दी। पुल से गुजर रहे राहगीरो ने तत्काल इसकी सूचना डायल 112 पुलिस टीम को दी। नदी में किशोरी के छलांग लगाए जाने की सूचना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। इधर सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों और नाव की मदद से उसकी तलाश शुरू कर दी, सफलता नहीं मिल सकी है। ऐसे में पुलिस अब गंगा में कूदी युवती की पहचान करने में जुटी हुई है। राहगीरो में इस बात को लेकर तरह तरह की चर्चाएं बनी हुई थी। लोगों ने प्रशासन से मांग किया कि पुल के दोनों तरफ रेलिंग के उपर लोहे की जाली लगाई जाए, जिससे इस तरह की घटनाओं पर प्रभावी तरीके से अंकुश लगाने में मदद मिल सके। रजागंज चौकी इंचार्ज पवन कुमार ने बताया कि एक 20 वर्षीय अज्ञात युवती ने गंगा में छलांग लगाई है। गोताखोरों की मदद से पुलिस तलाश करने में जुटी हुई है।