नगर पालिका अध्यक्ष विनोद अग्रवाल का वित्तीय और प्रशासनिक अधिकार छीने जाने का मामला गहराता जा रहा है। शनिवार की भाजपा कार्यकर्ताओं और पालिकाध्यक्ष के समर्थकों ने शहर में जुलूस निकाला। इसमें शामिल लोग शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए चल रहे थे।
शहर के प्रकाश टाकीज से निकाला गया जुलूस विभिन्न रास्तों से होते हुए महुआबाग चौराहा पर पहुंचा। जुलूस में शामिल लोग हाथों में तख्तियां लेकर पालिका अध्यक्ष के समर्थन में और शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रोष का इजहार करते चल रहे थे।
महुआबाग में आयोजित सभा में वक्ताओं ने कहा कि पालिकाध्यक्ष के खिलाफ की गई कार्रवाई निंदनीय है। शासन के इशारे पर विद्वेषपूर्ण ढंग से यह कार्रवाई की गई है। कार्रवाई को सरासर गलत बताते हुए चेतावनी दिया गया कि अगर जल्द उनके अधिकार वापस नहीं किए गए तो आंदोलन तेज किया जाएगा।
इस अवसर पर कैलाशनाथ वर्मा, विजयशंकर राय, सिद्धार्थ राय, श्रीकांत सिंह, अशोक मौर्य, शीबू अंसारी, संजय, राजेश केडिया, संजय केजरीवाल, योगेश सिंह, जाहिद, सुशील राय, शरद कुमार राय आदि उपस्थित थे।