औड़िहार। मुंबई से पवन एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे यात्री की मंगलवार को तबीयत बिगड़ गई थी। औड़िहार स्टेशन पर उतार कर उसे सैदपुर सीएचसी भेजा गया था।
जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया था। मृतक की पत्नी के कहने पर जीआरपी ने देर रात शव को कब्जे में लेकर मॉर्च्युरी हाउस भेजा था। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद यात्री का शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया।
बिहार के मोतिहारी स्थित सपही विरटा टोला निवासी सरफराज छोटे भाई मतलूब आलम व बहन फहमीदा की शादी में शामिल होने के लिए पत्नी व दो बच्चों के साथ पवन एक्सप्रेस से मुंबई से घर जा रहे थे। वह किडनी मरीज थे और डायलिसिस कराने के बाद मुंबई से निकले थे।
इधर वाराणसी के बाद उनकी तबीयत खराब हो गई थी। सीएचसी सैदपुर के चिकित्सकों ने यात्री सरफराज को मृत घोषित कर दिया था।
इसके बाद पत्नी दोनों बच्चों के साथ देर शाम बदहवास पड़ी रही और रोती- बिलखती रही। महिला ने जीआरपी से आए कांस्टेबल से बात किया और पोस्टमार्टम के लिए शव को लेकर गाजीपुर चली गई।
जहां देर होने के कारण पोस्टमार्टम नहीं हो सका। दूसरे दिन जीआरपी ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
औड़िहार जीआरपी प्रभारी अभिषेक कुमार पांडेय ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिवारजन को सौंप दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चल सकेगा।