मौधा (गाजीपुर)। सैदपुर कोतवाली स्थित रामकरन सेतु की रेलिंग फांदते हुए सोमवार को बालू लदे ट्रैक्टर का इंजन लटकने लगा। इससे सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। कुछ ही देर में सेतु के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस द्वारा जेसीबी से कड़ी मशक्कत के बाद इंजन को रेलिंग से उतारा गया तब जाकर एक घंटे बाद पूर्वांह्न 9.30 बजे आवागमन बहाल हो सका।
सुबह 8.30 बजे चंदौली की ओर से तेज रफ्तार बालू लदा बोगा का इंजन अनियंत्रित होकर रामकरन सेतु की रेलिंग फांदते हुए हवा में लटक गया। इसके बाद पुल पर आवागमन करने वाले लोगों में अफरा-तफरी मच गई। किसी तरह लोगों ने चालक को इंजन से नीचे उतारा। साथ ही इसकी सूचना पुलिस को दी। देखते ही देखते पुल पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। इधर सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जेसीबी मंगाकर ट्रैक्टर के इंजन को नीचे उतरवाया। इसके बाद पूर्वांह्न 9.30 बजे जाम समाप्त कराया। इधर जाम समाप्त होने से लोगों ने राहत की सांस ली।
सुविधा शुल्क देकर बेरोकटोक पुल से पार होते हैं बोगा ट्रैक्टर
मौधा। क्षमता से अधिक बालू लादकर सैदपुर के रामकरन सेतु से इस पार आने वाले बोगा ट्रैक्टर के चालकों की लापरवाही का अंजाम देखकर लोग हैरत में पड़ गए। जाम की स्थिति तो तब और भी जटिल हो गई। जब रेलिंग में फंसे ट्रैक्टर के पीछे दर्जन भर बोगा ट्रैक्टरों की कतार लग गई। सब के सब बालू से भरे पड़े थे। लोगों का कहना है कि पुलिस को सुविधा शुल्क देने के बाद ट्रैक्टर चालक सड़क अपनी समझने लगते हैं। इनकी तेज रफ्तार पर पुलिस का भी कोई नियंत्रण नहीं रहता है।