स्थानीय तहसील मुख्यालय स्थित बार एसोसिएशन सभागार में शुक्रवार को वकीलों ने अधिवक्ता संशोधन बिल के विरोध में बैठक कर सर्वसम्मति से न्यायिक कार्य से विरत रहने और हड़ताल करने का निर्णय लिया।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने तहसील परिसर में सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसके बाद अधिवक्ताओं ने मुख्य मार्गों से बालिका इंटर कॉलेज की त्रिमुहानी तक विरोध-प्रदर्शन किया और दोबारा बार एसोसिएशन सभागार में लौट आए।
अधिवक्ताओं की हड़ताल से ग्रामीण इलाकों से आए फरियादियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। फरियादी निराश लौट गए। हड़ताल के चलते एसडीएम कोर्ट, ग्रामीण न्यायालय सहित सभी कोर्ट में सन्नाटा रहा। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह ने कहा कि सरकार को अधिवक्ता संशोधन बिल अविलंब वापस लेना चाहिए अन्यथा आंदोलन और तेज किया जाएगा। इस मौके पर अमरनाथ राम, गोरखनाथ, रमेश सिंह यादव, कमलकांत राय, उदय नारायण सिंह आदि मौजूद रहे।